जयपुर, 24 जुलाई।
जयपुर-दिल्ली हाईवे पर दौलतपुरा थाना क्षेत्र में गुरुवार देर रात एक युवक का शव खून से लथपथ हालत में मिलने से सनसनी फैल गई। घटनास्थल से कुछ दूरी पर बाइक के टूटे हुए हिस्से भी मिले हैं। पुलिस मामले की जांच हत्या और हिट एंड रन दोनों पहलुओं से कर रही है।
पुलिस के अनुसार, देर रात करीब दो बजे सूचना मिली कि दौलतपुरा स्थित अप्पू घर के पास हाईवे और सर्विस लेन के बीच एक युवक घायल अवस्था में पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक के शरीर पर केवल अंडरगारमेंट था। उसके कंधे और कमर पर गंभीर चोटों के निशान थे तथा वह खून से लथपथ अवस्था में मिला।
घटनास्थल की तलाशी के दौरान पुलिस को कुछ दूरी पर बाइक के टूटे हुए पार्ट्स भी मिले। गंभीर हालत में युवक को तत्काल कांवटिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया।
पुलिस ने एफएसएल टीम की सहायता से घटनास्थल से साक्ष्य एकत्र किए हैं। मृतक की उम्र करीब 35 वर्ष बताई जा रही है। उसके सीने और हाथ पर टैटू बने हुए हैं। प्रारंभिक जांच में पुलिस का मानना है कि मृतक किसी अच्छे परिवार से प्रतीत होता है।
पुलिस के अनुसार, युवक के कपड़े गायब होना और घटनास्थल पर बाइक के टूटे हुए हिस्से मिलना कई सवाल खड़े कर रहा है। आशंका जताई जा रही है कि किसी वाहन की टक्कर के बाद घटना को सड़क हादसे का रूप देने का प्रयास किया गया हो। फिलहाल पुलिस मृतक की पहचान करने के साथ हत्या और हिट एंड रन दोनों पहलुओं से मामले की गहन जांच कर रही है।















