भोपाल, 25 जुलाई।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि किसानों का कल्याण राज्य सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि कृषक कल्याण वर्ष-2026 के तहत प्रदेशभर में किसानों के हित में विभिन्न कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री शनिवार को दतिया से वर्चुअल माध्यम से खरगोन में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को संबोधित कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष की पहली छमाही में आधुनिक कृषि तकनीक, उन्नत खेती और कृषि उपकरणों से संबंधित कार्यशालाएं आयोजित की गईं, जबकि दूसरी छमाही में प्रदेशभर में बलराम कृषि महोत्सव आयोजित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि इस अभियान की शुरुआत 15 जुलाई को इंदौर से हुई थी और इसके बाद विभिन्न जिलों में लगातार आयोजन किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश में सिंचाई का रकबा लगातार बढ़ रहा है और किसानों को पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराई जा रही है। कृषक कल्याण वर्ष के तहत दूध और सब्जियां लेकर दोपहिया वाहन से शहर आने-जाने वाले किसानों को सड़क सुरक्षा के उद्देश्य से हेलमेट भी वितरित किए जा रहे हैं, जिसे उन्होंने किसानों के हित में एक नवाचार बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश के सभी जिलों में 13 नवंबर तक बलराम कृषि महोत्सव सहित खेती-किसानी से जुड़े कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने किसानों से आधुनिक कृषि तकनीक अपनाकर उत्पादन और आय बढ़ाने का आह्वान किया। साथ ही कहा कि किसानों को दिन और रात दोनों समय पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जा रही है।
उन्होंने बताया कि कृषि कल्याण वर्ष के तहत 16 विभागों की सहभागिता सुनिश्चित की गई है, जिससे किसानों की आय बढ़ाने के लिए तैयार रोडमैप को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।














