नवादा, 28 जुलाई।
बिहार-झारखंड सीमा पर स्थित रजौली के चित्रकोली उत्पाद चेकपोस्ट पर मंगलवार को वाहन जांच अभियान के दौरान उत्पाद विभाग ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 279.870 किलोग्राम गांजा बरामद किया। इस मामले में दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
यह कार्रवाई नियमित और सघन जांच अभियान के दौरान की गई। चेकपोस्ट पर संदिग्ध वाहनों की जांच के बीच पंजाब नंबर की एक 407 मिनी कंटेनर को रोककर उसकी तलाशी ली गई। तलाशी के समय दंडाधिकारी की मौजूदगी में वाहन की जांच की गई, जिसमें बड़ी मात्रा में गांजा बरामद हुआ।
बरामद मादक पदार्थ का मौके पर इलेक्ट्रॉनिक कांटे से विधिसम्मत तरीके से वजन कराया गया। जांच में इसका कुल वजन 279.870 किलोग्राम पाया गया। इसके बाद गांजा और वाहन को जब्त कर लिया गया।
कार्रवाई के दौरान पंजाब निवासी अरविंद कुमार और राजेंद्र कुमार को गिरफ्तार किया गया। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि गांजा की खेप झारखंड के हजारीबाग से पंजाब ले जाई जा रही थी। अब जांच एजेंसियां इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी हैं।
गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ एनडीपीएस अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि बिहार-झारखंड सीमा मादक पदार्थों की तस्करी के लिहाज से संवेदनशील क्षेत्र है, इसलिए यहां चौबीसों घंटे वाहन जांच अभियान जारी रहेगा। पूछताछ के आधार पर अंतरराज्यीय तस्करी गिरोह के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

















