रुद्रपुर, 28 जुलाई।
उत्तराखंड के उधम सिंह नगर जिले में एक युवती से कथित सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस ने मंगलवार तड़के मुठभेड़ के बाद तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान जवाबी फायरिंग में मुख्य आरोपित के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

पुलिस के अनुसार, शनिवार रात सिडकुल में कार्यरत एक युवती अपने तीन दोस्तों के साथ घूमने निकली थी। आरोप है कि इसी दौरान बाइक पर सवार तीन युवकों ने उसका अपहरण कर लिया और उसे गदरपुर क्षेत्र के जंगल में ले जाकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
घटना के बाद आरोपितों की तलाश में कई पुलिस टीमों और एसओजी को लगाया गया। सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर मंगलवार तड़के बगवाड़ा क्षेत्र में किच्छा की ओर जा रहे तीनों आरोपितों की घेराबंदी की गई। पुलिस का कहना है कि इस दौरान आरोपितों ने फायरिंग की, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में मुख्य आरोपित गुरबाज सिंह उर्फ मानू के पैर में गोली लगी।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपितों के खिलाफ सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण और अन्य संबंधित धाराओं में विधिक कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच अभी जारी है।

















