जम्मू, 29 जुलाई।
अमरनाथ यात्रा के 22वें जत्थे के तहत बुधवार तड़के 2,051 श्रद्धालु कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच जम्मू के भगवती नगर यात्री निवास से बालटाल बेस कैंप के लिए रवाना हुए। अधिकारियों के अनुसार यह काफिला सुबह 2:45 बजे 82 वाहनों के साथ अपने निर्धारित मार्ग पर निकला।
यात्रा दल में 48 बसें, आठ मीडियम मोटर वाहन, 25 लाइट मोटर वाहन और एक दोपहिया वाहन शामिल था। सुरक्षा व्यवस्था के बीच सभी श्रद्धालुओं को व्यवस्थित तरीके से बालटाल मार्ग के लिए रवाना किया गया।
इस जत्थे में 1,570 पुरुष, 369 महिला श्रद्धालु, दो बच्चे, 58 साधु, 21 साध्वियां, एक साधु बच्चा और 30 विदेशी नागरिक शामिल हैं। सभी यात्री इस बार बालटाल मार्ग से यात्रा करेंगे, क्योंकि मरम्मत कार्य के चलते पहलगाम मार्ग पर इस जत्थे के लिए कोई काफिला निर्धारित नहीं किया गया था।
अधिकारियों ने बताया कि 22वें जत्थे के रवाना होने के साथ ही इस वर्ष जम्मू बेस कैंप से पवित्र गुफा मंदिर के लिए प्रस्थान करने वाले श्रद्धालुओं की कुल संख्या बढ़कर 1,32,406 हो गई है।















