बगदाद, 29 जुलाई।
अमेरिका और सऊदी अरब की सेनाओं ने इराक में पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज (पीएमएफ) के ठिकानों पर संयुक्त सैन्य कार्रवाई की है। ईरान समर्थित माने जाने वाले इस संगठन पर किया गया यह हमला पिछले 30 दिनों के दौरान सऊदी अरब की तेल सुविधाओं पर हुए ड्रोन हमलों के जवाब में बताया गया है। अमेरिका का दावा है कि इस कार्रवाई से पहले ईरान ने जॉर्डन स्थित उसके सैन्य अड्डे पर बैलिस्टिक मिसाइलों से हमला किया था।
संयुक्त हमले के बाद इराक के उत्तरी निनवेह और दक्षिणी बसरा प्रांत के कई इलाकों में आग लग गई। बसरा में आग बुझाने के लिए बड़ी संख्या में दमकलकर्मियों को मौके पर भेजा गया। पीएमएफ ने भी पुष्टि की है कि अमेरिका और सऊदी अरब के हमलों में इराक भर में उसके मुख्यालयों को निशाना बनाया गया।
निनवेह प्रांत में इस हमले में कम से कम आठ लोगों की मौत हुई है, जबकि चार अन्य घायल बताए गए हैं। हूती समूह ने इस कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे इराक की संप्रभुता पर सीधा हमला बताया है। अल-मसीराह टीवी पर जारी बयान में संगठन ने इस सैन्य अभियान की निंदा की।
पॉपुलर मोबिलाइजेशन फोर्सेज इराक का आधिकारिक सरकारी सुरक्षा बल है। इसका गठन 15 जून 2014 को ईरान समर्थित शिया मिलिशिया समूहों को मिलाकर किया गया था। आधिकारिक तौर पर यह बल इराक के प्रधानमंत्री और रक्षा मंत्रालय के समन्वय में कार्य करता है, लेकिन व्यवहारिक स्तर पर इस पर ईरान का प्रभाव माना जाता है।
















