रांची, 29 जुलाई।
झारखंड में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) के सेंट्रल कमेटी सदस्य और एक करोड़ के इनामी नक्सली मिसिर बेसरा उर्फ सागर दा को गिरफ्तार कर लिया है। उसके साथ संगठन के दो सक्रिय सदस्यों और दो अन्य लोगों को भी हिरासत में लिया गया है। मिसिर बेसरा के खिलाफ राज्य में 141 मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार, गिरिडीह-धनबाद सीमा क्षेत्र में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान मिसिर बेसरा अपने चार साथियों के साथ टाटा मैजिक वाहन से निकलने की कोशिश कर रहा था। सुरक्षा बलों ने धनबाद के बरवाअड्डा क्षेत्र में घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया।
यह कार्रवाई झारखंड पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त टीम ने खुफिया सूचना के आधार पर की। अभियान के दौरान टाटा मैजिक वाहन से तीन एके-47 राइफल भी बरामद की गईं। गिरफ्तार किए गए लोगों में रीजनल कमेटी सदस्य तुम्बा मांझी, एरिया कमेटी सदस्य बिरेन हांसदा, मंगल मुर्मू और दिनेश राय भी शामिल हैं।
केंद्रीय और राज्य सुरक्षा एजेंसियां सभी आरोपितों से पूछताछ कर रही हैं। झारखंड के आईजी (अभियान) नरेंद्र कुमार सिंह ने बुधवार को गिरफ्तारी की पुष्टि की। मिसिर बेसरा लंबे समय से सुरक्षा एजेंसियों की सूची में प्रमुख वांछित नक्सलियों में शामिल था। उस पर झारखंड, बिहार, ओडिशा और छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों पर हमले, हत्या, लेवी वसूली और विस्फोट जैसी कई गंभीर घटनाओं में शामिल होने के आरोप हैं।
















