हरिद्वार, 30 जुलाई।
पुलिस ने ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत दुष्कर्म और पॉक्सो एक्ट के मामले में फरार चल रहे आरोपित अब्दुल रहमान को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित पर युवती को शादी का झांसा देकर वर्ष 2020 से लगातार दुष्कर्म करने का आरोप है।
पुलिस के मुताबिक, 27 जुलाई को पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर कोतवाली कलियर में अब्दुल रहमान के खिलाफ पॉक्सो एक्ट समेत अन्य धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया था। मुकदमा दर्ज होने के बाद पुलिस ने आरोपित की तलाश शुरू कर दी थी।
पुलिस टीम ने अब्दुल रहमान पुत्र इकलाख, निवासी इमलीखेड़ा, कोतवाली पिरान कलियर, जनपद हरिद्वार (उम्र 23 वर्ष) को रहमतपुर गांव से पकड़ लिया। इसके बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर आरोपित को न्यायालय में पेश किया गया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में महिला उप निरीक्षक विशाखा असवाल और हेड कांस्टेबल माजिद खान शामिल रहे।

















