Naidunia Live
• टॉप न्यूज़ • मध्य प्रदेश • विज्ञान व प्रौद्योगिकी • अपराध • शिक्षा • संपादकीय • धर्म / अध्यात्म • वीडियो स्टोरी • मौसम • त्योहार • प्रेरक कहानियाँ
• वीडियो • न्यूज़ आर्काइव

अपराध
31 Jul, 2026

हिमाचल में बम धमकी वाली ईमेल से हड़कंप, सीएम कार्यालय और सैन्य ठिकानों का जिक्र

हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री कार्यालय और सैन्य ठिकानों का उल्लेख वाली धमकी भरी ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने जांच और निगरानी बढ़ा दी है।

शिमला, 31 जुलाई।

धमकी भरी ईमेल मिलने के बाद हिमाचल प्रदेश में पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गई हैं। ईमेल में मुख्यमंत्री कार्यालय, आर्मी से जुड़े ठिकानों और स्कूलों का उल्लेख करते हुए 15 अगस्त के आसपास बम धमाकों की धमकी दी गई है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, यह ईमेल 29 जुलाई को भेजी गई थी। इसमें मुख्यमंत्री कार्यालय के साथ आर्मी स्टेशन, कैंट क्षेत्र और सेना से जुड़े स्कूलों का भी जिक्र किया गया है। ईमेल में खालिस्तान समर्थक और भड़काऊ सामग्री लिखे होने की बात सामने आई है।

धमकी भरे संदेश में जून 1984, नवंबर 1984 और 1996 की घटनाओं का उल्लेख करते हुए 15 अगस्त से बदला लेने की चेतावनी दी गई है। इसमें 15 अगस्त 2026 तक आर्मी कर्मियों को अपने परिवारों की सुरक्षा करने और कैंट क्षेत्र छोड़ने की बात कही गई है।

ईमेल मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने तकनीकी जांच शुरू कर दी है। साइबर विशेषज्ञ ईमेल भेजने वाले व्यक्ति, उसके स्रोत और इस्तेमाल किए गए नेटवर्क की जानकारी जुटा रहे हैं। ईमेल में जिन स्थानों का उल्लेख किया गया है, वहां सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा भी की जा रही है।

शिमला के एसएसपी गौरव सिंह ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि हर गतिविधि पर नजर रखी जा रही है और धमकी भरी ईमेल के स्रोत का पता लगाया जा रहा है।

उन्होंने बताया कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर कानून के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। स्वतंत्रता दिवस से पहले मिली इस धमकी के बाद सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

पुलिस के अनुसार, संवेदनशील सरकारी संस्थानों, सार्वजनिक स्थानों और महत्वपूर्ण परिसरों की सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। अधिकारियों ने लोगों से किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को देने की अपील की है।

|
आज का राशिफल

अपने हितैषी समझे जाने वाले ही पीठ पीछे नुकसान पहुंचाने की कोशिश करेंगे। पठन पाठन में स्थिति कमजोर रहेगी। किसी से वाद-विवाद अथवा कहासुनी होने का भय रहेगा। मानसिक एवं शारीरिक शिथिलता पैदा होगी। जल्दबाजी में कोई भूल संभव है। आय-व्यय समान्य रहेगा। शुभांक-5-7-9

आज का मौसम

भोपाल

24° / 29°

Heavy thunderstorm

ट्रेंडिंग न्यूज़