भोपाल, 31 जुलाई।
मध्य प्रदेश की पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने कहा कि राज्य सरकार का मुख्य उद्देश्य विकास योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि आम लोगों की मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए जनहित से जुड़े निर्माण कार्यों को तेजी से पूरा कराया जा रहा है।
राज्यमंत्री गौर शुक्रवार को भोपाल के वार्ड क्रमांक 74 में करीब 50 लाख रुपये की लागत से होने वाले विभिन्न विकास कार्यों के भूमि-पूजन कार्यक्रम को संबोधित कर रही थीं। उन्होंने कहा कि सड़क, नाली, सामुदायिक भवन और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े कार्यों से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सुविधाएं मिलेंगी और क्षेत्र का समग्र विकास होगा।
कार्यक्रम के दौरान राज्यमंत्री ने कई विकास कार्यों का शुभारंभ किया। इनमें खेजड़ा स्थित हनुमान मंदिर के पास 4 लाख रुपये की लागत से बनने वाले कम्युनिटी हॉल और भानपुर मल्टी एलआईजी के समीप 4 लाख रुपये की लागत से बनने वाले शेड एवं चबूतरा निर्माण कार्य शामिल हैं।
इसके अलावा पुरानी भानपुर मल्टी और सागर कॉलेज के पास कृष्णा विहार में 3-3 लाख रुपये की लागत से तथा सेमरा गांव में 2.5 लाख रुपये की लागत से बनने वाले शेड और चबूतरा निर्माण कार्यों का भी भूमि-पूजन किया गया।
आवागमन व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अयोध्या बायपास से महोली गांव तक करीब 19 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क और कैलाश नगर में करीब 20 लाख रुपये की लागत से बनने वाली सीसी सड़क व नाली निर्माण कार्य की आधारशिला भी रखी गई।
राज्यमंत्री कृष्णा गौर ने अधिकारियों और निर्माण एजेंसियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय सीमा में पूरे किए जाएं। उन्होंने कहा कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और पारदर्शिता बनाए रखना जरूरी है तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में स्थानीय जनप्रतिनिधि, क्षेत्र के गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

















