काठमांडू, 01 अगस्त।
नेपाल के सिरहा जिले के गोलबाजार क्षेत्र में 30 जुलाई को हुई घटना में पुलिस की गोली से जान गंवाने वाले गणेश यादव के परिजनों और नेपाल सरकार के बीच सात सूत्रीय समझौता हो गया है। दोनों पक्षों के बीच पूरी रात चली वार्ता के बाद शनिवार सुबह समझौता-पत्र पर हस्ताक्षर किए गए।
यह वार्ता औरही गांवपालिका-2 के मोतिपुर में मृतक के परिवार और गृह मंत्रालय के प्रतिनिधियों के बीच हुई। समझौते के तहत सरकार ने गणेश यादव को शहीद घोषित करने की प्रक्रिया तत्काल शुरू करने और उनके परिवार को 10 लाख नेपाली रुपये की राहत राशि देने की प्रतिबद्धता जताई है।
समझौते में यह भी शामिल है कि 30 जुलाई को गोलबाजार में हुई घटना की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ प्रचलित कानून के अनुसार आवश्यक कानूनी कार्रवाई आगे बढ़ाई जाएगी।
सरकार ने मृतक के परिवार के एक योग्य सदस्य को रोजगार का अवसर उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया है। साथ ही, घटना की जांच के लिए गठित समिति की रिपोर्ट में दी जाने वाली सिफारिशों को कानून के अनुरूप लागू करने की बात भी कही गई है।
समझौते के अनुसार, गणेश यादव की स्मृति में स्थानीय सरकार के समन्वय से गांवपालिका के उपयुक्त स्थान पर स्मृति पार्क बनाया जाएगा और वहां उनकी प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी।
दस्तावेज में मृतक का अंतिम संस्कार कराने, उनकी पत्नी और बहन को उपयुक्त रोजगार दिलाने के लिए पहल करने तथा उनके पिता के उपचार के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने का भी उल्लेख किया गया है।
दोनों पक्षों के बीच समझौता होने के बाद सिरहा जिले की स्थिति फिलहाल शांत बताई जा रही है।





















