नवादा, 1 अगस्त।
नवादा में स्वास्थ्य सेवाओं के नाम पर कथित अनियमितताओं को लेकर प्रशासन ने छह निजी अस्पतालों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। जांच के दौरान गंभीर खामियां मिलने पर छह अस्पतालों के संचालकों और संबंधित लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई, जबकि पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है।
निरीक्षण के दौरान अधिकांश अस्पताल बिना सरकारी निबंधन के संचालित पाए गए। जांच में यह भी सामने आया कि कई अस्पतालों में स्त्री रोग विशेषज्ञ, एनेस्थेटिस्ट और सर्जन की अनुपस्थिति के बावजूद ऑपरेशन और प्रसव कराए जा रहे थे। इसके अलावा अग्निशमन विभाग का अनापत्ति प्रमाणपत्र, बायो मेडिकल वेस्ट प्रबंधन, ऑक्सीजन सिलेंडर, फार्मासिस्ट तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का भी अभाव मिला। कई वार्डों में गंदगी, खराब वेंटिलेशन और शौचालयों की स्थिति भी संतोषजनक नहीं पाई गई।
आरोग्यम हॉस्पिटल के निरीक्षण के दौरान भर्ती एक महिला ने टीम को बताया कि प्रसव के समय उसके नवजात की मौत हो गई थी। जांच के दौरान अस्पताल में कोई चिकित्सक मौजूद नहीं मिला। प्रशासन ने इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए अस्पताल के प्रबंधक पंकज कुमार को गिरफ्तार कर अस्पताल को सील कर दिया।
जांच के दौरान डॉ. रवि केयर हॉस्पिटल में विशेषज्ञ चिकित्सक के बिना प्रसव कराए जाने, एंजल मैटरनिटी हॉस्पिटल में एनेस्थेटिस्ट की अनुपस्थिति, अमृत हॉस्पिटल में चिकित्सकों के मौजूद नहीं रहने, चौधरी एंड गिरजा ट्रॉमा सेंटर में बिना डॉक्टर इलाज जारी रहने तथा जनजीवन इमरजेंसी अस्पताल में ऑक्सीजन सहित कई जरूरी सुविधाओं की कमी मिलने की बात भी सामने आई।
कार्रवाई के दौरान आरोग्यम हॉस्पिटल के प्रबंधक पंकज कुमार, डॉ. रवि केयर हॉस्पिटल के प्रबंधक रविशंकर कुमार, कर्मचारी राजकरण, चौधरी एंड गिरजा ट्रॉमा सेंटर के प्रबंधक सन्नी कुमार उर्फ रंजन कुमार समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया। नगर थाना कांड संख्या 786/26 के तहत छह अस्पतालों के संचालकों, प्रबंधकों और संबंधित चिकित्सकों को नामजद करते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।






















