पूर्णिया, 1 अगस्त।
बिहार के पूर्णिया जिले के मरंगा चौक पर शुक्रवार देर रात अज्ञात बदमाशों ने एक फास्ट फूड दुकानदार की गोली मारकर हत्या कर दी। भीड़भाड़ वाले इलाके में हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत फैल गई, वहीं स्थानीय लोगों में घटना को लेकर आक्रोश देखा गया।
मृतक की पहचान मरंगा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या-10 स्थित मुर्गी फॉर्म निवासी चंदन कुमार के रूप में हुई है। वह मरंगा चौक पर चाउमीन और अन्य फास्ट फूड बेचकर अपने परिवार का पालन-पोषण करता था।
प्रत्यक्षदर्शियों और परिजनों के अनुसार, शुक्रवार देर रात चंदन अपनी दुकान के पास मौजूद था। इसी दौरान वहां पहुंचे हमलावरों ने उस पर बेहद नजदीक से ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। बताया गया कि उसे पांच गोलियां लगीं, जिनमें तीन पीठ और दो पेट में लगीं। गंभीर रूप से घायल होने के बाद वह सड़क पर गिर पड़ा और हमलावर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और मरंगा थाना पुलिस की मदद से चंदन को उपचार के लिए मैक्स-7 अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने उसे बचाने का प्रयास किया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
घटना की जानकारी मिलने पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. शौर्य सुमन मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।
मृतक के भाई कुंदन कुमार ने हत्या के पीछे पुरानी रंजिश होने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि लगभग एक वर्ष पहले उनकी भांजी को मंजय ऋषि नामक युवक कथित रूप से अपने साथ ले गया था। इस मामले में शिकायत दर्ज होने के बाद आरोपी जेल भी गया था। आरोप है कि इसके बाद से आरोपी पक्ष लगातार परिवार को जान से मारने की धमकी दे रहा था।
कुंदन कुमार ने आरोप लगाया कि इसी रंजिश के चलते शुक्रवार रात साजिश के तहत चंदन की गोली मारकर हत्या की गई। हालांकि पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के साथ-साथ पुरानी रंजिश, प्रेम प्रसंग तथा अन्य सभी संभावित पहलुओं की भी जांच की जा रही है।





















