नई दिल्ली, 1 अगस्त।
देश के पूर्वोत्तर और उत्तर-पश्चिमी क्षेत्रों में इस सप्ताह भारी वर्षा की संभावना जताई गई है। वहीं, दिल्ली-एनसीआर में रविवार को हल्की बारिश होने का अनुमान है।
भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के अनुसार रविवार सुबह से दोपहर के बीच दिल्ली-एनसीआर के कुछ इलाकों में मध्यम गति की हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। रात के समय भी इसी तरह का मौसम बने रहने की संभावना है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 से 34 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25 से 27 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने का अनुमान है। तीन और चार अगस्त को भी मौसम में विशेष बदलाव की संभावना नहीं है।
आईएमडी के मुताबिक 2 से 5 अगस्त के बीच हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, उत्तराखंड, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी उत्तर प्रदेश, पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी राजस्थान और पंजाब के अलग-अलग क्षेत्रों में बहुत भारी बारिश हो सकती है।
मध्य भारत में पूर्वी मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में 4 से 7 अगस्त के दौरान भारी वर्षा का पूर्वानुमान है। वहीं पूर्वी भारत के अंडमान-निकोबार द्वीप समूह, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, गंगा के मैदानी पश्चिम बंगाल, झारखंड, बिहार और ओडिशा में 2 से 7 अगस्त के बीच कहीं-कहीं बहुत भारी बारिश होने की संभावना है।
पूर्वोत्तर भारत के अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर, मिजोरम और त्रिपुरा में 5 से 7 अगस्त के दौरान भारी वर्षा हो सकती है। इसके अलावा पश्चिम भारत के कोंकण, गोवा, मध्य महाराष्ट्र, गुजरात, सौराष्ट्र और कच्छ में अगले 5 से 6 दिनों तक कई स्थानों पर भारी बारिश का अनुमान है। दक्षिण भारत के केरल, माहे, तटीय कर्नाटक और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में भी कुछ स्थानों पर अत्यधिक भारी वर्षा की संभावना जताई गई है।
पिछले 24 घंटों के दौरान गुजरात क्षेत्र में 30 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई। मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल, माहे और दक्षिणी आंतरिक कर्नाटक में 21 सेंटीमीटर तक बारिश रिकॉर्ड की गई। वहीं उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल, सिक्किम, तटीय कर्नाटक और मेघालय में 12 से 20 सेंटीमीटर, जबकि उत्तराखंड, पश्चिम मध्य प्रदेश, कोंकण, गोवा, झारखंड, लक्षद्वीप और नगालैंड में 7 से 11 सेंटीमीटर तक वर्षा दर्ज की गई।






















