जोधपुर, 1 अगस्त।
राजस्थान पुलिस की एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (एएनटीएफ) ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी उपलब्धि हासिल करते हुए पिछले 10 माह में 700 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के अवैध मादक पदार्थ जब्त किए हैं। इस उपलब्धि के साथ एएनटीएफ ने राजस्थान पुलिस के इतिहास में नया रिकॉर्ड दर्ज किया है। पिछले वर्ष एनडीपीएस अधिनियम के तहत करीब 850 करोड़ रुपये के मादक पदार्थ जब्त किए गए थे, वहीं इस वर्ष यह आंकड़ा एक हजार करोड़ रुपये से अधिक पहुंचने की संभावना जताई गई है।
एएनटीएफ के अनुसार राज्यभर में नशा तस्करों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। कार्रवाई का उद्देश्य केवल मादक पदार्थों की बरामदगी तक सीमित नहीं है, बल्कि वर्ष 2029 तक राजस्थान को नशामुक्त बनाने के लक्ष्य पर भी काम किया जा रहा है।
अभियान के दौरान अब तक 360 किलोग्राम से अधिक अफीम बरामद की गई है। जालोर, भीलवाड़ा, सीकर और हरियाणा के सिरसा में बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में अफीम जब्त की गई। इसके साथ ही अवैध अफीम की खेती के खिलाफ भी व्यापक अभियान संचालित किया गया।
एएनटीएफ ने राज्यभर में 34 एमडी फैक्ट्रियों का भंडाफोड़ किया है। इनमें से 27 मामले इसी वर्ष सामने आए, जबकि 10 फैक्ट्रियों का खुलासा स्वयं एएनटीएफ ने किया। जोधपुर ग्रामीण के बालेसर क्षेत्र में की गई कार्रवाई के दौरान 176 किलोग्राम एमडी बरामद की गई थी और इस दौरान पुलिस तथा तस्करों के बीच फायरिंग भी हुई थी। पिछले वर्ष पूरे राज्य में करीब 70 किलोग्राम एमडी जब्त हुई थी, जबकि इस बार अकेले एएनटीएफ ने 185 किलोग्राम से अधिक एमडी बरामद की है।
अवैध मादक पदार्थों की खेती के विरुद्ध भी व्यापक कार्रवाई की गई। उदयपुर में 50 बीघा में गांजे और 300 बीघा में अफीम की खेती का खुलासा हुआ। इसके अलावा राजसमंद, झालावाड़, भीलवाड़ा, बीकानेर, भरतपुर, प्रतापगढ़, चित्तौड़गढ़, झुंझुनूं, करौली और जयपुर सहित कई जिलों में अभियान चलाया गया।
एएनटीएफ ने पांच केंद्रीय एजेंसियों और पांच राज्यों की पुलिस के साथ संयुक्त अभियान चलाकर नशा तस्करी के नेटवर्क पर कार्रवाई की। मध्यप्रदेश, गुजरात, तेलंगाना, हरियाणा और पश्चिम बंगाल समेत अन्य राज्यों में भी संयुक्त अभियान के दौरान तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
कार्रवाई के दौरान 84 बड़े तस्करों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया। इनमें कई ऐसे आरोपित शामिल हैं, जिन पर 25 हजार रुपये से लेकर एक लाख रुपये से अधिक तक का इनाम घोषित था और जो लंबे समय से फरार चल रहे थे। इनकी गिरफ्तारी के लिए राजस्थान पुलिस ने आठ राज्यों में विशेष अभियान चलाए।
एएनटीएफ ने आम लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या इससे जुड़े किसी भी अपराध की सूचना एएनटीएफ कंट्रोल रूम के फोन और व्हाट्सएप नंबर पर दी जा सकती है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।





















