कोलकाता, 1 अगस्त।
पश्चिम बंगाल पुलिस के विशेष कार्य बल (एसटीएफ) ने पूर्व बर्धमान से गिरफ्तार संदिग्ध हमीम मंडल से पूछताछ के आधार पर कई अहम दावे किए हैं। एसटीएफ के अनुसार आरोपी की योजना नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर पुलिस की वर्दी पहनकर बड़ी वारदात को अंजाम देने की थी। जांच एजेंसी ने यह भी दावा किया है कि पश्चिम बंगाल के नेता प्रतिपक्ष शुभेंदु अधिकारी भी उसके संभावित निशाने पर थे।
एसटीएफ के महानिरीक्षक गौरव शर्मा ने पत्रकार वार्ता में बताया कि 24 वर्षीय हमीम मंडल को शुक्रवार को पूर्व बर्धमान से गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद उसे कोलकाता लाकर पूछताछ की गई। जांच के दौरान उसके मोबाइल फोन, अन्य डिजिटल उपकरणों और सोशल मीडिया चैट की पड़ताल में कई जानकारियां सामने आने का दावा किया गया है।
एसटीएफ के मुताबिक प्रारंभिक जांच में हमीम मंडल के पाकिस्तान में मौजूद कथित हैंडलरों से संपर्क के संकेत मिले हैं। जांच एजेंसी का दावा है कि ये लोग मादक पदार्थों की तस्करी और आतंकवादी गतिविधियों से जुड़े एक गिरोह के सदस्य हैं। पुलिस के अनुसार उनके बीच व्हाट्सऐप, टेलीग्राम और अन्य माध्यमों से नियमित संपर्क बना हुआ था।
जांच एजेंसी ने दावा किया है कि आरोपी शुभेंदु अधिकारी की गतिविधियों पर नजर रख रहा था। इसके अलावा हाल में जंतर-मंतर पर छात्रों के प्रदर्शन के दौरान पुलिस की वर्दी पहनकर हिंसक वारदात को अंजाम देने की कथित योजना भी बनाई गई थी। एसटीएफ के अनुसार हावड़ा के एक मंत्री भी संभावित निशानों में शामिल थे।
पुलिस का कहना है कि जांच में यह भी सामने आया है कि हमीम मंडल 'राना', 'आबिर', 'हबीब' और '333' जैसे कूटनाम इस्तेमाल करने वाले लोगों के संपर्क में था। एसटीएफ के अनुसार यह नेटवर्क युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित करने, हथियारों की तस्करी, विध्वंसक गतिविधियों की साजिश रचने और प्रभावशाली लोगों को कथित हनी ट्रैप में फंसाने जैसी गतिविधियों से जुड़ा हो सकता है।
इसी मामले में झारखंड के साहिबगंज से आरोपी की कथित प्रेमिका अर्पिता सरकार को भी शनिवार सुबह गिरफ्तार किया गया है। एसटीएफ के अनुसार दोनों पिछले चार वर्षों से संपर्क में थे और उनकी पहचान इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। अब जांच एजेंसी यह पता लगा रही है कि क्या अर्पिता सरकार का इस्तेमाल कथित हनी ट्रैप अभियान में किया गया था।
एसटीएफ का कहना है कि मामले की जांच जारी है और पूछताछ के आधार पर अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। एजेंसी ने संकेत दिया है कि जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में और गिरफ्तारियां हो सकती हैं।






















