सुलतानपुर, 01 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के बल्दीराय थाना क्षेत्र के कल्याणपुर मजरे नटौली गांव में शनिवार को एक वृद्ध का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। परिजनों ने जमीन विवाद के चलते पीट-पीटकर हत्या किए जाने का आरोप लगाया है। मृतक का शव विवादित जमीन के पास मिला है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस अधीक्षक चारु निगम और सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस के अनुसार मृतक की पहचान राम सुंदर कोरी (65) पुत्र जगरूप के रूप में हुई है। शनिवार सुबह वह परिजनों के खेत जाने के बाद शौच के लिए घर से निकले थे। दोपहर में परिवार के लोग खेत से लौटे तो वह घर पर नहीं मिले। इसके बाद उनकी तलाश शुरू की गई।
परिजनों को घर से करीब 200 मीटर दूर नहर के पास बांस की कोठ के निकट राम सुंदर कोरी का शव मिला। उनका आरोप है कि शव मिलने के समय मृतक के मुंह से खून निकल रहा था और आंख पर चोट के निशान थे। इन्हीं परिस्थितियों के आधार पर उन्होंने गांव के जहीर, अनवर, मोबीन, रियासत समेत अन्य लोगों पर हत्या कर शव वहां फेंकने का आरोप लगाया है।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू की। राम सुंदर कोरी खेती-किसानी कर अपने परिवार का पालन-पोषण करते थे।
मृतक अपने पीछे सात बेटे- शिवनाथ, विश्वनाथ, श्रीनाथ, रघुनाथ, प्रभूनाथ, शंकर नाथ, सरयू नाथ और एक बेटी कमलेश को छोड़ गए हैं।






















