सुकमा, 1 अगस्त।
सुकमा जिले में चलाए जा रहे "आगाज़-नशे के विरुद्ध" अभियान के तहत एर्राबोर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 68 किलोग्राम गांजा के साथ कर्नाटक के तीन अंतर्राज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपितों के कब्जे से दो कारें, मोबाइल फोन, फर्जी नंबर प्लेट, नकदी और अन्य दस्तावेज भी बरामद किए गए हैं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत 62 लाख 63 हजार 100 रुपये आंकी गई है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक मयंक गुर्जर के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रोहित शाह, मनोज तिर्की और एसडीओपी दोरनापाल के मार्गदर्शन में की गई। मुखबिर से सूचना मिली थी कि ओडिशा से दो सफेद रंग की कारों में गांजा तस्करी की जा रही है और वाहन एनएच-30 से गुजरने वाले हैं।
सूचना के आधार पर एर्राबोर बाजार के पास घेराबंदी कर दोनों कारों को रोका गया। तलाशी के दौरान दोनों वाहनों से 50 पैकेटों में रखा हुआ कुल 68 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सोहेल खान, अब्दुल अदील और आकाश गौड़ के रूप में हुई है। तीनों कर्नाटक के बीदर जिले के निवासी हैं। पुलिस ने उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(b)(ii)(C), 29 तथा भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सुकमा पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मादक पदार्थों की तस्करी या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।






















