नई दिल्ली, 1 अगस्त।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से ‘नशा मुक्त युवा-विकसित भारत संकल्प अभियान’ का शुभारंभ करेंगे। इस पहल का उद्देश्य युवाओं को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करना और उन्हें समाज में सकारात्मक परिवर्तन का सहभागी बनाना है।
प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार इस अभियान के साथ 100 सप्ताह तक चलने वाले देशव्यापी जन भागीदारी अभियान की भी शुरुआत होगी। इसके तहत प्रत्येक रविवार देशभर में जनजागरूकता और सामुदायिक सहभागिता बढ़ाने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के दौरान खेल प्रतियोगिताएं, वॉकाथॉन, ध्यान सत्र, सांस्कृतिक कार्यक्रम, जागरूकता अभियान, नुक्कड़ नाटक, विचार-विमर्श, कला प्रतियोगिताएं और सामुदायिक सहभागिता से जुड़े आयोजन किए जाएंगे। इन गतिविधियों का उद्देश्य लोगों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना और नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी बढ़ाना है।
इस पहल में शैक्षणिक संस्थानों, युवा संगठनों, नागरिक समाज के समूहों, उद्योग संगठनों और आध्यात्मिक संस्थाओं को एक साझा मंच पर जोड़कर नशे के खिलाफ जनआंदोलन को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम में देशभर के 10 हजार से अधिक स्थानों से युवाओं की भागीदारी होगी। इसमें माई भारत के स्वयंसेवक, राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के स्वयंसेवक, युवा क्लब, स्कूल, कॉलेज, विश्वविद्यालय, गैर-सरकारी संगठन, उद्योग संगठनों के युवा प्रकोष्ठ तथा 125 से अधिक आध्यात्मिक संस्थाओं के प्रतिनिधि वर्चुअल माध्यम से शामिल होंगे।






















