सीतापुर, 05 अगस्त।
उत्तर प्रदेश के सीतापुर जिले के शहर कोतवाली क्षेत्र में मंगलवार देर रात बियर पार्टी के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। झगड़े के बीच एक युवक ने अपने ही दोस्त पर गोली चला दी। गंभीर रूप से घायल युवक की अस्पताल ले जाने के बाद मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, मुंशीगंज निवासी मैनुद्दीन (35) अपने कुछ दोस्तों के साथ बियर पार्टी में मौजूद था। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते बढ़ गई। आरोप है कि विवाद के बीच तमंचे से मैनुद्दीन को गोली मार दी गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य एकत्र किए गए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतक के परिजनों ने रजत मिश्र और भैरव मिश्र पर हत्या का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, मृतक के परिजनों की तहरीर पर पांच लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। इनमें से तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है।
कोतवाल दिनेश प्रकाश पांडे ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मामला आपसी विवाद से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। उन्होंने बताया कि रजत मिश्र के खिलाफ पहले से भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस पूरे प्रकरण की गहन जांच कर रही है और दोषियों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाएगी।














