डिब्रूगढ़, 05 अगस्त।
केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण तथा रसायन एवं उर्वरक मंत्री जगत प्रकाश नड्डा अपने तीन दिवसीय असम, नगालैंड और अरुणाचल प्रदेश दौरे के दूसरे दिन हेलीकॉप्टर से असम के सबसे अधिक बाढ़ प्रभावित शिवसागर जिले के नेपाली खूंटी गांव पहुंचे। वहां उन्होंने ट्रैक्टर पर सवार होकर प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री हिमंत बिस्व सरमा, स्वास्थ्य मंत्री अशोक सिंघल, मंत्री केशव महंत, मंत्री पीयूष हजारिका, स्थानीय विधायक और अन्य जनप्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
शिवसागर के दौरे के बाद नड्डा नगालैंड के मोन जिले में बाढ़ प्रभावित इलाकों का जायजा लेने जाएंगे। इससे पहले मंगलवार को वह डिब्रूगढ़ पहुंचे थे और मनोहारी रिसोर्ट में रात्रि विश्राम किया था। बुधवार को उन्होंने प्रभावित गांवों, राहत शिविरों, क्षतिग्रस्त मकानों और फसलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं भी सुनीं।
नगालैंड से लौटने के बाद नड्डा मुख्यमंत्री डॉ. हिमंत बिस्व सरमा और असम सरकार के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक करेंगे। इसके अलावा वह स्थानीय कार्यक्रमों में भी हिस्सा लेंगे। बुधवार रात उनका प्रवास डिब्रूगढ़ में ही रहेगा।
गुरुवार को केंद्रीय मंत्री अरुणाचल प्रदेश के केयी पन्योर जिले के याजाली पहुंचेंगे। वहां फ्लैश फ्लड और बादल फटने से प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर सड़कों, पुलों और राहत शिविरों का निरीक्षण करेंगे। इसके साथ ही प्रभावित परिवारों से मुलाकात करेंगे। बाद में इटानगर में राज्य सरकार के साथ समीक्षा बैठक करने के बाद वह गुवाहाटी होते हुए नई दिल्ली रवाना होंगे।














