बालोद, 05 अगस्त।
बालोद जिले में वन विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अंगारी गांव के सरपंच के मकान पर छापेमारी की। कार्रवाई के दौरान लाखों रुपये मूल्य के सागौन लकड़ी के चिरान और गोले बरामद किए गए। मामले में सरपंच के पति अश्विनी डड़सेना के खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा रही है।
वन विभाग और उड़नदस्ता की संयुक्त टीम ने बालोद वन परिक्षेत्र के अंगारी गांव में यह कार्रवाई की। बरामद सागौन लकड़ी के चिरान और गोलों को दो माजदा वाहनों में भरकर काष्ठागार पहुंचाया गया।
विभाग के अनुसार बड़ी मात्रा में बरामद लकड़ी की गणना की जा रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि यह लकड़ी कहां से लाई गई और किस आरा मिल में इसका चिरान कराया गया।
जांच के दौरान मकान में तैयार किए गए कुछ फर्नीचर भी मिले हैं। वन विभाग इनकी भी जांच कर रहा है और पूरे मामले में नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।














