सिलीगुड़ी, 05 अगस्त।
प्रधाननगर थाना पुलिस ने सिलीगुड़ी जंक्शन स्थित एक लॉज में छापेमारी कर लाखों रुपये मूल्य की विदेशी शराब बरामद की है। कार्रवाई के दौरान बिहार के सहरसा निवासी भास्कर कुमार को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस को सूचना मिली थी कि एक युवक लॉज में भारी मात्रा में विदेशी शराब लेकर ठहरा हुआ है और उसे जल्द ही बिहार भेजने की तैयारी कर रहा है। सूचना के आधार पर मंगलवार देर रात पुलिस टीम ने लॉज में दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक कमरे से भास्कर कुमार को हिरासत में लिया। तलाशी लेने पर उसके दो ट्रॉली बैग से बड़ी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपित ने स्वीकार किया कि वह बरामद शराब को बिहार ले जाने की तैयारी में था। पुलिस के अनुसार जब्त शराब की बाजार कीमत लाखों रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को बुधवार को सिलीगुड़ी अदालत में पेश किया जाएगा।













