चितवन, 05 अगस्त।
नेपाल के चितवन राष्ट्रीय उद्यान के सौराहा क्षेत्र में एक सफेद जंगली हाथी दिखाई दिया है। अधिकारियों के अनुसार, इसकी उम्र लगभग 18 से 19 वर्ष आंकी गई है। यह पिछले करीब दो सप्ताह से इसी इलाके में विचरण कर रहा है।
उद्यान प्रशासन ने बताया कि यह हाथी फिलहाल सौराहा बफर जोन में रह रहा है। हाल ही में वह हाथी प्रजनन केंद्र तक पहुंचा था, लेकिन वहां मौजूद अन्य जंगली हाथियों ने उसे वहां से भगा दिया।
जानकारी के अनुसार, अब यह हाथी राष्ट्रीय उद्यान और राष्ट्रीय प्रकृति संरक्षण न्यास के हाथियों के संरक्षित क्षेत्रों के आसपास घूम रहा है। अब तक इसके किसी मानव बस्ती में जाने या किसी तरह का नुकसान पहुंचाने की सूचना नहीं मिली है।
अधिकारियों का कहना है कि युवा नर हाथी कई बार अपने झुंड से अलग होकर अकेले रहने लगते हैं। हाथियों के झुंड का नेतृत्व मादा हाथी करती है और कई बार शरारती या आक्रामक युवा नर हाथियों को झुंड की मुखिया बाहर कर देती है। पहले किए गए अध्ययनों में भी इस तरह की स्थिति सामने आ चुकी है।
बताया गया कि यह हाथी अधिकतर समय सौराहा के मध्य क्षेत्र में बिताता है और समय-समय पर मादा हाथियों की तलाश में बाड़े तक पहुंच जाता है। चितवन राष्ट्रीय उद्यान में पहले से ध्रुवे, गोविन्दे और रोनाल्डो जैसे अकेले रहने वाले जंगली हाथी मौजूद हैं। इससे पहले रोमियो, नाना पाटेकर और मकुना नाम के जंगली हाथी भी यहां देखे जा चुके हैं। इनमें मकुना की लोगों पर हमला करने की कोशिश के दौरान आत्मरक्षा में गोली लगने से मौत हो गई थी, जिसकी पुष्टि उद्यान अधिकारियों ने की है।














