नोएडा, 05 अगस्त।
नोएडा और ग्रेटर नोएडा के विभिन्न इलाकों में रहने वाले 10 लोग अलग-अलग तरीकों से साइबर ठगी का शिकार हो गए। आरोपियों ने मोबाइल हैकिंग, फर्जी निवेश, शेयर ट्रेडिंग, टेलीग्राम, क्रेडिट कार्ड, क्यूआर कोड और ब्लैकमेल जैसे तरीकों का इस्तेमाल कर कुल 79.25 लाख रुपये की धोखाधड़ी को अंजाम दिया। सभी मामलों में साइबर क्राइम थाने में मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
पुलिस के अनुसार ग्रेटर नोएडा निवासी छतर सिंह के मोबाइल को हैक कर उनके बैंक खाते से 7.79 लाख रुपये निकाल लिए गए। वहीं एनएसजी सोसायटी निवासी शिवराज सिंह भंडराल को टेलीग्राम पर लाइक करने के बदले मुनाफे का झांसा देकर 6.11 लाख रुपये की ठगी की गई।
गौरव कुमार को क्यूआर कोड स्कैन करने का दबाव बनाया गया और मना करने पर आपत्तिजनक तस्वीरें वायरल करने की धमकी देकर 6.80 लाख रुपये ट्रांसफर करा लिए गए। सेक्टर-2 निवासी कमल कुमार की कंपनी के सर्वर में अनधिकृत प्रवेश कर ग्राहकों के डिजिटल गोल्ड निवेश संबंधी जानकारी हासिल की गई और उसे बेचकर 6.69 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई।
सेक्टर-27 निवासी सुभाष पाटिल को आईसीआईसीआई क्रेडिट कार्ड कर्मचारी बनकर संपर्क किया गया। लिंक भेजकर उनका मोबाइल हैक किया गया और खाते से 5.30 लाख रुपये निकाल लिए गए। विक्रांत साहीवाल को ऑनलाइन निवेश में अधिक लाभ का झांसा देकर विभिन्न चरणों में 22.50 लाख रुपये जमा कराए गए और पूरी रकम हड़प ली गई।
ग्रेटर नोएडा वेस्ट निवासी अरविंद ओझा को शेयर मार्केट ट्रेडिंग के नाम पर 6.67 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ा। कपिल मखीजा से भी शेयर बाजार में निवेश का लालच देकर 5.28 लाख रुपये ठग लिए गए।
अजय सिंह ने शिकायत दर्ज कराई कि एक मोबाइल एप भेजकर उनकी कंपनी का बैंक खाता हैक किया गया और उसमें से 5.08 लाख रुपये निकाल लिए गए। एक अन्य मामले में अनीश को अश्लील तस्वीरें भेजकर ब्लैकमेल किया गया और उनसे 6.31 लाख रुपये वसूल लिए गए। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी हुई है।













