भोपाल, 06 अगस्त।
सीएससी ई-गवर्नेंस सर्विसेज इंडिया लिमिटेड, मध्यप्रदेश द्वारा आज नरोन्हा प्रशासन अकादमी, शाहपुरा, भोपाल में "सीएससी दिवस 2026" का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मध्यप्रदेश शासन के मंत्री विश्वास सारंग मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम से जुड़े तथा प्रदेशभर से उपस्थित ग्राम स्तरीय उद्यमियों को संबोधित किया। अपने संबोधन में विश्वास सारंग ने कहा कि सीएससी आज ग्रामीण भारत के डिजिटल परिवर्तन का एक मजबूत आधार बन चुका है। उन्होंने कहा कि देशभर में एक लाख से अधिक ग्राम स्तरीय उद्यमी नागरिकों तक विभिन्न सरकारी एवं डिजिटल सेवाएँ पहुँचा रहे हैं। भारत सरकार एवं राज्य सरकार की अनेक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीएससी नेटवर्क के माध्यम से अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा है। उन्होंने कहा कि ग्राम स्तरीय उद्यमी केवल सेवा प्रदाता नहीं, बल्कि डिजिटल इंडिया अभियान के सच्चे भागीदार हैं, जो गांव-गांव तक सुशासन एवं डिजिटल सेवाओं को सशक्त बना रहे हैं।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपमुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल ने ग्राम स्तरीय उद्यमियों की सराहना करते हुए कहा कि सीएससी नेटवर्क शासन और आमजन के बीच एक सशक्त सेतु के रूप में कार्य कर रहा है। उन्होंने सभी उद्यमियों से नागरिकों तक शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं डिजिटल सेवाओं को और अधिक प्रभावी ढंग से पहुँचाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एजीएम हरि सिंह, एसएलबीसी के एजीएम पंकज कुमार तथा पंजाब नेशनल बैंक के सर्किल हेड धीरेंद्र कुमार झा ने भी अपने विचार व्यक्त किए।















