नई दिल्ली, 14 सितंबर।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सुधांशु त्रिवेदी ने राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनाव परिणामों को पार्टी के पक्ष में जनादेश बताया है। उन्होंने कहा कि 309 स्थानीय निकायों के चुनाव में भाजपा शानदार प्रदर्शन कर रही है और 10 नगर निगमों में से 9 में सहयोगियों के साथ सरकार बनाने की स्थिति में है।
त्रिवेदी ने कहा कि राजस्थान में पहले स्थानीय निकाय चुनाव आठ चरणों में कराए गए थे, जबकि भाजपा सरकार ने एक चरण में चुनाव कराया। जयपुर, जोधपुर और कोटा नगर निगमों को विभाजित करने की पिछली नीति को भी जनता ने नकार दिया है।
उन्होंने बताया कि 10 नगर निगम, 47 नगर परिषद और 252 नगर पालिकाओं समेत कुल 309 निकायों में चुनाव हुए हैं। मौजूदा स्थिति में केवल एक नगर निगम में कांग्रेस आगे है, जबकि बाकी में भाजपा सहयोगियों के साथ सरकार बनाने की स्थिति में है।
त्रिवेदी ने कहा कि कोटा में भी भाजपा की बढ़त कांग्रेस के लिए स्पष्ट संदेश है। उनके अनुसार, राहुल गांधी के प्रचार का जनता पर असर नहीं हुआ और कांग्रेस के प्रचार में वास्तविकता से अधिक दावे दिखाई देते हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की सरकार के प्रति जनता के विश्वास का भी उल्लेख किया।
त्रिवेदी ने कहा कि बूंदी, दौसा, हनुमानगढ़, करौली, धौलपुर और भरतपुर जैसे छह जिलों में भी भाजपा इस बार आगे बढ़ रही है, जहां पिछली बार किसी निकाय में उसका बोर्ड नहीं बन पाया था। उन्होंने इसे पार्टी के सामाजिक और भौगोलिक विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
















