नई दिल्ली, 24 सितंबर।
केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल की अध्यक्षता में भारत और नीदरलैंड के बीच जल क्षेत्र में रणनीतिक साझेदारी को लेकर द्विपक्षीय बैठक आयोजित की जा रही है। बैठक दोपहर तीन बजे भारत मंडपम परिसर में होगी।
बैठक में दोनों देशों के बीच जल क्षेत्र में रणनीतिक सहयोग बढ़ाने और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करने समेत कई विषयों पर चर्चा होगी। जल प्रबंधन के क्षेत्र में आपसी सहयोग को आगे बढ़ाने पर भी विचार किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान केंद्रीय जल आयोग, गुजरात सरकार के कल्पसर विभाग और नीदरलैंड के जल संबंधी शोध संस्थान डेल्टारेस के बीच परियोजना में तकनीकी सहयोग को लेकर त्रिपक्षीय समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर होंगे।
इसके साथ ही केंद्रीय जल आयोग, गुजरात सरकार के कल्पसर विभाग और नीदरलैंड के डेल्फ्ट तकनीकी विश्वविद्यालय के बीच क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण से संबंधित त्रिपक्षीय समझौता भी किया जाएगा।
भारत मंडपम में 22 सितंबर से शुरू हुए पांच दिवसीय भारत अंतरराष्ट्रीय जल सप्ताह-2026 के तहत यह कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। इसमें जल प्रबंधन, तकनीकी सहयोग और क्षमता निर्माण के क्षेत्रों में भारत-नीदरलैंड की साझेदारी को और मजबूत करने पर जोर रहेगा।
















