ग्रेटर नोएडा, 24 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने यमुना एक्सप्रेस-वे पर स्लीपर बस में आग लगने की घटना पर दुख जताया है। उन्होंने हादसे में जान गंवाने वाले लोगों के परिवारों और घायलों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से आर्थिक सहायता की घोषणा की है।
प्रधानमंत्री ने कहा कि मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये की अनुग्रह राशि दी जाएगी। हादसे में घायल हुए लोगों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता मिलेगी। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की।
यह हादसा बुधवार मध्य रात्रि यमुना एक्सप्रेस-वे के 33 किलोमीटर पर हुआ था। दिल्ली के कश्मीरी गेट से उत्तर प्रदेश के महोबा जा रही डबल डेकर बस में अचानक आग लग गई थी। हादसे के समय बस में 35 लोग सवार थे।
आग की चपेट में आने से एक महिला सहित नौ यात्रियों की जलकर मौत हो गई।
















