मुंबई, 14 सितंबर।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की हिंदी गृह पत्रिका ‘प्रवर्तन संदेश’ को वर्ष 2025-26 के लिए राजभाषा कीर्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। पत्रिका को ‘क’ क्षेत्र में द्वितीय पुरस्कार मिला है।
मुंबई में आयोजित हिंदी दिवस-2026 और छठे अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में केंद्रीय गृह राज्यमंत्री बी. संजय कुमार और नित्यानंद राय ने यह पुरस्कार प्रदान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने की।
ईडी के अनुसार, ‘प्रवर्तन संदेश’ निदेशालय की आंतरिक हिंदी पत्रिका है। इसमें विधिक, वित्तीय और अन्वेषण से जुड़े जटिल तकनीकी विषयों के साथ राजभाषा हिंदी की गतिविधियों को सरल और प्रभावी भाषा में प्रस्तुत किया जाता है।
वर्ष 2025-26 में प्रकाशित पत्रिका के नौवें अंक का विषय ‘आतंक वित्तपोषण के खिलाफ ईडी की मुहिम’ था। इसमें आतंक वित्तपोषण के विरुद्ध कार्रवाई, वित्तीय अपराध और आर्थिक व राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़े विषयों को शामिल किया गया।
पत्रिका के 10वें अंक में ‘लोकहित से देशहित तक: ईडी की पीड़ित-केंद्रित कार्रवाइयां और राहत’ विषय रखा गया। इसमें वित्तीय धोखाधड़ी के पीड़ितों को राहत, अपराध की आय का पता लगाने, संपत्ति कुर्की और अंतिम वापसी से जुड़ी कार्रवाई को प्रमुखता दी गई।
ईडी ने हिंदी को संस्थागत कार्य-संस्कृति का हिस्सा बनाने के लिए लगातार प्रयास किए हैं। वर्ष 2024 में भी निदेशालय ने गृह मंत्रालय की कृत्रिम बुद्धिमत्ता विषयक अखिल भारतीय हिंदी लघु फिल्म प्रतियोगिता में तृतीय पुरस्कार हासिल किया था।















