भोपाल, 15 सितंबर।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंगलवार को मंत्रि-परिषद की बैठक में नई दिल्ली में हुए ब्रिक्स शिखर सम्मेलन को भारत की बढ़ती वैश्विक भूमिका का प्रतीक बताया। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में सम्मेलन की सफलता और नई दिल्ली घोषणा-पत्र को कूटनीतिक उपलब्धि बताया। मंत्रियों ने मेज थपथपाकर प्रधानमंत्री और केंद्र सरकार को बधाई दी।
मुख्यमंत्री ने बताया कि ब्रिक्स के 11 सदस्य देश विश्व की करीब 49.5 प्रतिशत आबादी, 40 प्रतिशत वैश्विक सकल घरेलू उत्पाद और 26 प्रतिशत वैश्विक व्यापार का प्रतिनिधित्व करते हैं। भारत की अध्यक्षता में 25 शहरों में 350 से अधिक बैठकें और कार्यक्रम हुए। मध्य प्रदेश में इंदौर और भोपाल में भी ब्रिक्स से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए गए।
बैठक में सेवा संकल्प अभियान-2026 की जानकारी दी गई, जो 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा। मुख्यमंत्री ने मुख्यमंत्री सुगम परिवहन बस सेवा के 25 सितंबर से शुभारंभ की घोषणा करते हुए 150 सिटी, 450 इंटरसिटी और 436 अंतरराज्यीय मार्ग विकसित करने की जानकारी दी।
उन्होंने ग्रामीण परिवारों को पट्टों की पक्की रजिस्ट्री देने और दुबई यात्रा में 53 हजार करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिलने की जानकारी भी साझा की। उज्जैन में 25 लाख से अधिक दीये जलाने का लक्ष्य रखा गया है।
















