भोपाल, 22 सितंबर।
गणेश प्रतिमाओं के ससम्मान विसर्जन को लेकर भोपाल नगर निगम ने तैयारियां तेज कर दी हैं। निगम आयुक्त संस्कृति जैन ने मंगलवार सुबह शहर के प्रमुख विसर्जन स्थलों, घाटों और कुंडों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को प्राथमिकता देने के निर्देश दिए। साथ ही विसर्जन के दौरान सभी आवश्यक इंतजाम दुरुस्त रखने को कहा।
निगम आयुक्त ने प्रेमपुरा, रानी कमलापति, खटलापुरा, शाहपुरा, बैरागढ़, मालीखेड़ी और हथाईखेड़ा स्थित विसर्जन स्थलों एवं कुंडों का निरीक्षण किया। उन्होंने इन स्थानों पर प्रकाश व्यवस्था, प्रतिमा विसर्जन के लिए क्रेन और अन्य जरूरी संसाधनों, साफ-सफाई तथा पेयजल की उपलब्धता की स्थिति देखी।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि विसर्जन स्थलों पर सफाई लगातार बेहतर बनी रहनी चाहिए। प्रतिमाओं के विसर्जन के बाद निकलने वाले अवशेषों को तत्काल बाहर निकालकर संबंधित स्थान की सफाई कराई जाए। इससे श्रद्धालुओं को असुविधा नहीं होगी और घाट तथा कुंड भी स्वच्छ बने रहेंगे।
विसर्जन स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था की भी निगम आयुक्त ने समीक्षा की। उन्होंने सभी घाटों और कुंडों पर बैरीकेटिंग मजबूत रखने के निर्देश दिए। पर्याप्त संख्या में गोताखोर और नाव उपलब्ध रखने के साथ जरूरी उपकरणों से लैस फायर ब्रिगेड का अमला तैनात करने को कहा गया।
श्रद्धालुओं को विसर्जन और सुरक्षा से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के लिए ध्वनि विस्तारक यंत्र लगाने तथा सूचना फ्लेक्स लगाने के निर्देश भी दिए गए। निगम आयुक्त ने कहा कि विसर्जन के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए सभी इंतजाम पहले से तैयार रखे जाएं।
सभी प्रमुख विसर्जन स्थलों पर कंट्रोल रूम स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए हैं। निगम आयुक्त ने कहा कि कंट्रोल रूम के माध्यम से विभिन्न विभागों और नगर निगम के संबंधित अमले के बीच समन्वय बेहतर किया जाए, जिससे विसर्जन की प्रक्रिया व्यवस्थित और सुचारू तरीके से पूरी हो सके। अधिकारियों को अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए गए।
डोल ग्यारस के अवसर पर शहर के अलग-अलग इलाकों में छोटी गणेश प्रतिमाओं के ससम्मान विसर्जन के लिए बनाए गए अस्थायी एकत्रीकरण एवं विसर्जन स्थलों का भी निरीक्षण किया गया। निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि छोटी प्रतिमाओं को कुंडों और पात्रों में पूरे विधि-विधान के साथ विसर्जित करने की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
निरीक्षण के दौरान अपर आयुक्त अक्षय कुमार तेम्रवाल, तन्मय वशिष्ठ शर्मा, वरुण अवस्थी, अमन मिश्रा, अभिषेक सिंह और वरुण बड़ेरिया, उपायुक्त भुवन गुप्ता एवं चंचलेश गिरहारे, मुख्य अभियंता संतोष गुप्ता तथा अधीक्षण यंत्री उदित गर्ग और आर.आर. जरोलिया सहित विभिन्न विसर्जन स्थलों पर तैनात अधिकारी मौजूद रहे।
















