झाड़ग्राम, 14 सितंबर।
झाड़ग्राम के शालगड़ा जंगल में दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने के दौरान रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए 21 वर्षीय युवक सायन साव का शव सोमवार की शाम डुलुंग नदी से बरामद कर लिया गया। लगभग चौबीस घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद घटनास्थल से महज सौ मीटर की दूरी पर पानी के भीतर उसका शव मिला जिसे पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार बीरा गांव का रहने वाला सायन रविवार को अपने साथियों के साथ पिकनिक मनाने गया था जहाँ दोपहर के वक्त वह अकेले नदी की तरफ चला गया था और वापस नहीं लौटा। साथियों द्वारा खोजबीन करने पर नदी किनारे उसकी घड़ी और अन्य व्यक्तिगत सामान तो मिल गया लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
घटना की सूचना मिलने पर हरकत में आई पुलिस और आपदा प्रबंधन की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर गोताखोरों की मदद से नदी में तलाश शुरू की थी। सोमवार को दिनभर चले रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद आखिरकार पुलिस ने शव को ढूंढ निकाला और इस दुखद घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।
















