सिलीगुड़ी, 15 सितंबर।
फूलबाड़ी के महानंदा बैराज में रविवार को नहाते समय डूबे दो स्कूली छात्रों के शव मंगलवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने बरामद कर लिए। पुलिस ने कानूनी प्रक्रिया पूरी कर दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है।
रविवार को हॉस्टल में रहने वाले दसवीं कक्षा के तीन छात्र महानंदा नदी में उतरे थे, जिनमें से एक को सुरक्षित बचा लिया गया था, लेकिन दो छात्र गहरे पानी में लापता हो गए थे।
घटना के बाद से प्रशासन और बचाव दल लगातार पानी में उनकी तलाश कर रहा था, लेकिन सोमवार रात तक उनका कोई सुराग हाथ नहीं लगा था।
मंगलवार तड़के शुरू किए गए रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान दोनों छात्रों के शव एक-साथ बरामद हुए। इस दुखद हादसे के बाद से दोनों पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है।















