कोलकाता, 15 सितंबर।
पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में बुधवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे के साथ राज्य सरकार से जुड़े कई अहम कार्यक्रम होंगे। राजनाथ सिंह शाम को कोलकाता पहुंचेंगे और साल्ट लेक स्थित अल्टेयर बुटीक होटल में शाम चार बजे भाजपा मीडिया प्रकोष्ठ की ओर से आयोजित पत्रकार वार्ता को संबोधित करेंगे। उनके दौरे को आगामी राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
राजनाथ सिंह के कार्यक्रम से पहले मुख्यमंत्री की ओर से भी कई गतिविधियां निर्धारित हैं। नेपाल में आई बाढ़ के दौरान लापता हुए लोगों के परिजनों के साथ मुख्यमंत्री की बैठक बुधवार सुबह 11 बजे नबान्न सभागार में होगी। इसके बाद नबान्न के प्रेस कॉर्नर स्थित कमरा नंबर 104 में मीडिया को जानकारी दी जाएगी।
बुधवार सुबह 10.30 बजे न्यू टाउन कन्वेंशन सेंटर में 33वीं पश्चिम बंगाल राज्य विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी कांग्रेस का उद्घाटन किया जाएगा। विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं जैव प्रौद्योगिकी विभाग की ओर से आयोजित यह दो दिवसीय कार्यक्रम 16 और 17 सितंबर को होगा। इसमें विज्ञान और प्रौद्योगिकी क्षेत्र के विशेषज्ञों तथा शोधकर्ताओं की भागीदारी होगी।
इसके अलावा सुबह 11.30 बजे साल्ट लेक के सेक्टर-2 स्थित उदयचल टूरिज्म प्रॉपर्टी के बैंक्वेट हॉल में भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण और पश्चिम बंगाल पर्यटन विभाग के बीच सहमति पत्र पर हस्ताक्षर किए जाएंगे।
इस समझौते का उद्देश्य ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण के साथ पर्यटकों के लिए सुविधाओं का विकास करना है। इसके जरिए सतत विरासत पर्यटन को बढ़ावा देने पर भी ध्यान दिया जाएगा।
















