कोलकाता, 15 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आगामी 17 सितंबर को आने वाले जन्मदिन के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी ने देशभर में सेवा संकल्प अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत बंगाल भाजपा की प्रदेश महासचिव लॉकेट चटर्जी ने नागरिकों से एक अनूठी अपील की है।
उन्होंने सोशल मीडिया के जरिए जनता से आग्रह किया है कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन की शाम छह से सात बजे के बीच अपने घरों में आशीर्वाद का दीया अवश्य जलाएं। इसके जरिए उनके उत्तम स्वास्थ्य, लंबी उम्र और विकसित भारत के सपने को पूरा करने का संकल्प लिया जाएगा।
पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ने भी इस मौके पर अपने संदेश में देश में हुए ऐतिहासिक बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि कोरोना काल से लेकर महिला सशक्तिकरण और राष्ट्रीय सुरक्षा तक के मोर्चों पर देश ने अभूतपूर्व प्रगति की है।
उन्होंने युवाओं के लिए स्टार्टअप और महिलाओं के लिए लखपति दीदी जैसी योजनाओं की सफलता का विशेष रूप से उल्लेख किया। साथ ही यह भी बताया कि 17 सितंबर से शुरू होने वाला यह सेवा अभियान आगामी 17 अक्टूबर तक लगातार जारी रहेगा।















