बेंगलुरु, 15 सितंबर।
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने मंगलवार को कहा कि राजस्थान के स्थानीय निकाय चुनावों में भाजपा की जीत प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की नीतियों और कार्यक्रमों के प्रति जनता के समर्थन को दर्शाती है। उन्होंने कहा कि राजस्थान की जनता ने एक बार फिर डबल इंजन सरकार के पक्ष में जनादेश दिया है।
बेंगलुरु में संवाददाता सम्मेलन के दौरान नड्डा ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी की सार्वजनिक जीवन में सेवा यात्रा के 25 वर्ष पूरे होने पर भाजपा 17 सितंबर से सेवा संकल्प अभियान शुरू करेगी। यह अभियान एक महीने तक चलेगा और इसके तहत देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
नड्डा ने कहा कि सुशासन और जनकल्याण प्रधानमंत्री की प्राथमिकताओं में हैं। वह सेवा, प्रतिबद्धता और समर्पण की भावना के साथ देश के विकास के लिए काम कर रहे हैं। प्रधानमंत्री ने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने का लक्ष्य रखा है।
केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि प्रधानमंत्री ने पिछले 25 वर्षों में एक दिन का भी अवकाश नहीं लिया और लगातार देशवासियों की सेवा में जुटे रहे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री खुद को देश का प्रधान सेवक मानते हैं और उनकी इसी भावना के सम्मान में देशभर में कार्यक्रम किए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान 17 अक्टूबर को सुशासन संवाद कार्यक्रम होगा। पूरे अभियान में 12 प्रमुख कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इनके जरिए प्रधानमंत्री के सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण से जुड़े संकल्प को जनता तक पहुंचाया जाएगा।
नड्डा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश की राजनीति की दिशा और दशा में बदलाव किया है। उनके अनुसार, पहले राजनीति में तुष्टीकरण, परिवारवाद, असमानता और विकासहीनता जैसी प्रवृत्तियां प्रभावी थीं। मोदी के नेतृत्व में विकास और जनकल्याण को राजनीति के केंद्र में रखा गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने रखने की परंपरा भी प्रधानमंत्री मोदी ने शुरू की। नड्डा के अनुसार, प्रधानमंत्री ने सार्वजनिक जीवन में किए गए वादों को पूरा करने का प्रयास किया और कई ऐसे काम भी किए, जिनका पहले उल्लेख नहीं किया गया था।
राष्ट्रीय सुरक्षा के मुद्दे पर नड्डा ने कहा कि भारत ने पाकिस्तान को उसी की भाषा में जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि भारत किसी को छेड़ता नहीं है, लेकिन छेड़े जाने पर पीछे भी नहीं हटता। उन्होंने अनुच्छेद 370 हटाने को प्रधानमंत्री की राजनीतिक प्रतिबद्धता का उदाहरण बताया।
नड्डा ने दावा किया कि सरकार की नीतियों से 25 करोड़ लोग गरीबी रेखा से बाहर आए हैं। उन्होंने कहा कि भारत अब दूसरे देशों से मदद मांगने के बजाय जरूरतमंद देशों की सहायता करने की क्षमता रखता है।
उन्होंने आर्थिक और बुनियादी ढांचे के विकास का भी उल्लेख किया। नड्डा के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग, हवाई अड्डे, रेलवे और रक्षा क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है। उन्होंने दावा किया कि रक्षा निर्यात में 5,500 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
केंद्रीय मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भारत की आवाज को अब गंभीरता से सुना जाता है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को 26 देशों ने सर्वोच्च नागरिक सम्मान दिए हैं। नड्डा के अनुसार, यह भारत की बढ़ती वैश्विक प्रतिष्ठा का संकेत है।
















