नई दिल्ली, 15 सितंबर।
देश के सार्वजनिक प्रसारक दूरदर्शन ने मंडी हाउस स्थित दूरदर्शन भवन में अपना 67वां स्थापना दिवस मनाया। इस वर्ष समारोह की थीम ‘दूरदर्शन@67– कल भी अपना, आज भी अपना’ रखी गई।
समारोह में प्रसिद्ध गायिका ज्योति नूरां ने अपनी सुरीली और प्रभावशाली प्रस्तुति से दर्शकों का मनोरंजन किया। वहीं, शिखा खरे और उनकी टीम ने ‘रिद्म विदाउट बॉर्डर’ नामक मिश्रित नृत्य प्रस्तुति देकर कार्यक्रम में उत्साह भर दिया।
कार्यक्रम के दौरान दूरदर्शन के आगामी धारावाहिकों ‘संस्कार’ और ‘सुराग 2.0’ से जुड़े कलाकारों के साथ विशेष संवाद भी आयोजित किया गया। इसमें के.सी. बोकाडिया, महेश ठाकुर, अमन वर्मा, दर्शन जरीवाला, पंकज बेरी, सुदेश बेरी, साई केतन राव, जिग्यासा सिंह और रेहान शाहरुख मिर्जाबेग शामिल हुए।
समारोह का संचालन नमिता सचदेवा और अली असगर ने किया। दोनों ने अपनी प्रस्तुति और संवाद शैली से कार्यक्रम को मनोरंजक बनाए रखा।
छह दशक से अधिक समय से दूरदर्शन देश के सामाजिक और सांस्कृतिक जीवन का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा है। बदलते संचार माध्यमों के दौर में उसने नई तकनीकों और डिजिटल मंचों को अपनाया है, लेकिन अपनी विशिष्ट पहचान और सार्वजनिक सेवा की भूमिका को बनाए रखा है।
स्थापना दिवस समारोह में कलाकारों, धारावाहिक जगत की हस्तियों और दूरदर्शन से जुड़े लोगों ने संस्थान के गौरवशाली अतीत, वर्तमान उपलब्धियों और भविष्य की संभावनाओं का उत्सव मनाया।
















