गुरुग्राम, 15 सितंबर।
गुरुग्राम की गोल्फ कोर्स रोड पर बाइक सवार महिला को कार से टक्कर लगने के मामले में आरोपी कल्याण बैंसला के बयान पर महिला बाइक सवार और इंस्टाग्राम क्रिएटर सिया ने सवाल उठाए हैं। सिया ने कहा कि यदि बैंसला को वास्तव में उसके घायल होने का दुख था तो हादसे के बाद वह मौके पर रुका क्यों नहीं।
सिया ने सोशल मीडिया पर करीब तीन मिनट का वीडियो साझा कर बैंसला के बयान पर प्रतिक्रिया दी। वीडियो की शुरुआत बैंसला के एक साक्षात्कार के हिस्से से होती है, जिसमें वह कहता है कि उसे यह जानकारी नहीं थी कि बाइक पुरुष चला रहा था या महिला और घटना का केवल एक पक्ष सामने आया है।
बैंसला ने यह भी कहा था कि उसे उस लड़की के घायल होने पर बहुत अफसोस हुआ। सिया ने इसी बात पर सवाल उठाते हुए कहा कि यदि कार सवारों को लगा था कि बाइक सवार बार-बार गति बढ़ाकर फिर धीमी कर रहे हैं तो उन्होंने इतने लंबे रास्ते तक उनका पीछा क्यों किया।
सिया ने कहा कि उसके अनुसार पूरे घटनाक्रम के वीडियो से यह स्पष्ट होता है कि बाइक को घेरने की कोशिश किस तरफ से हो रही थी। उसने बैंसला के इस दावे को भी खारिज किया कि उसे पता नहीं था कि बाइक महिला चला रही थी।
सिया का कहना है कि बैंसला ने उसके बाल देखे थे, उसके करीब आया था, इशारे किए थे और बाइक रोकने का संकेत भी दिया था। ऐसे में अब यह कहना कि उसे बाइक सवार के महिला होने की जानकारी नहीं थी, उसकी समझ से परे है।
बैंसला ने घटना के दौरान करीब 22 से 23 लोगों के मौजूद होने और केवल दो वीडियो सामने आने की बात कही थी। इस पर सिया ने कहा कि हिट एंड रन मामले में सामने आए दोनों वीडियो पर्याप्त हैं।
उसके अनुसार एक वीडियो में कार सामने वाली लेन से तीसरी लेन की तरफ आती और बाइक को टक्कर मारकर आगे निकलती दिखाई देती है। दूसरा वीडियो उसके कैमरे से रिकॉर्ड हुआ है, जिसमें कार पहली लेन से तीसरी लेन की ओर आती है और उसकी बाइक को टक्कर लगती है।
सिया ने दावा किया कि टक्कर के बाद वह बाइक के साथ कुछ दूरी तक घिसटती रही और फिर सड़क पर गिर गई। उसने सवाल किया कि इन दोनों वीडियो में घटना दिखाई देने के बाद भी क्या इन्हें पर्याप्त नहीं माना जाएगा।
सिया ने बैंसला के अफसोस जताने वाले बयान पर भी प्रतिक्रिया दी। उसने कहा कि यदि उसे सच में उसकी चिंता थी तो टक्कर के बाद उसे रुककर यह देखना चाहिए था कि बाइक सवार घायल है या नहीं।
उसने कहा कि हादसा और गंभीर हो सकता था तथा उसकी हड्डियां टूट सकती थीं या उसकी मौके पर ही जान जा सकती थी। सिया ने कहा कि हादसे के बाद कार सवार एक पल के लिए भी नहीं रुके और यह देखने की कोशिश नहीं की कि जिस व्यक्ति को उन्होंने टक्कर मारी, वह जीवित है या नहीं।
सिया ने कहा कि दिल्ली और गुरुग्राम की सड़कों पर इस तरह के व्यवहार से महिलाओं में असुरक्षा की भावना बढ़ती है। उसने ऐसे लोगों पर भी सवाल उठाए जो घटना के बाद अपने परिवार के परेशान होने की बात करते हैं।
सिया के अनुसार रविवार सुबह वह अप्रिलिया आरएस 457 बाइक से अन्य बाइक सवारों के समूह के साथ जा रही थी। इसी दौरान एक सफेद सेडान कार कथित तौर पर उनका पीछा करने लगी। उसने आरोप लगाया कि कार में सवार लोग आक्रामक व्यवहार कर रहे थे और नशे में दिखाई दे रहे थे।
सिया ने शिकायत में बताया कि घटना 13 सितंबर की सुबह करीब सात बजे हुई। वह दोस्तों के साथ अलग-अलग मोटरसाइकिलों पर बाइकर्स बार्न कैफे की ओर जा रही थी।
उसके मुताबिक गोल्फ कोर्स रोड पर सफेद मारुति सुजुकी सियाज कार दिखाई दी। कार का पंजीयन क्रमांक एचआर30एल4949 बताया गया है। सिया ने आरोप लगाया कि कार में सवार लोग उसे परेशान करने और बाइक रोकने की कोशिश कर रहे थे।
शिकायत के अनुसार जब वह कार को पार कर आगे निकली तो कार सवारों ने अचानक रास्ता काट दिया और उसकी बाइक में टक्कर मार दी। सिया ने दावा किया कि टक्कर के बाद उसकी मोटरसाइकिल करीब 300 मीटर तक घसीटती चली गई।
उसने शिकायत में यह भी कहा कि हादसे के तुरंत बाद कार सवार वहां से निकल गए। सिया के दोस्तों ने कार का पीछा करने की कोशिश की, लेकिन आरोपी मौके से फरार हो गए।
सिया ने इस मामले में गुरुग्राम पुलिस में शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। उसने आरोपी के खिलाफ तत्काल कदम उठाने का आग्रह किया है।
दूसरी ओर, बैंसला ने बाइक में जानबूझकर कार टकराने के आरोप से इनकार किया है। उसका कहना है कि रविवार सुबह वह अपने चचेरे भाई के साथ कार से जा रहा था। उसके अनुसार दो बाइक सवार कई बार कार को ओवरटेक कर आगे निकल रहे थे और फिर कार के सामने धीमे हो रहे थे।
बैंसला ने दावा किया कि उसने बाइक सवारों से धीरे चलने के लिए कहा था। उसका कहना है कि सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में पूरी घटना दिखाई नहीं गई है और पुलिस को पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज देखना चाहिए।
बैंसला ने दावा किया कि बाइक सवार ने कार के शीशे में देखे बिना बाइक मोड़ दी और नियंत्रण खो दिया, जिसके कारण टक्कर हुई। उसने कहा कि यदि टक्कर गलती से हुई है तो वह इसे अपनी गलती मानता है।
बैंसला ने महिला के घायल होने पर अफसोस जताते हुए कहा कि उसे यह जानकारी नहीं थी कि बाइक महिला चला रही थी। उसने यह भी कहा कि उसके खिलाफ पहले कभी कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं हुआ है।
उसने कहा कि यदि लगाए जा रहे आरोपों से उसके परिवार पर असर पड़ता है तो वह अपनी ओर से स्थिति स्पष्ट करेगा। इस मामले में आरोपी के बयान और सिया के आरोप अलग-अलग हैं।
सिया का कहना है कि कार उसका पीछा कर रही थी और चालक आक्रामक तरीके से वाहन चला रहा था। एक अन्य बाइक सवार के हेलमेट कैमरे में टक्कर के बाद कार का पीछा करने और सिग्नल पर चालक से हुई बातचीत का हिस्सा भी रिकॉर्ड हुआ है, जिसके बाद कार वहां से चली गई।
















