आसनसोल, 15 सितंबर।
बर्नपुर के ऑफिसर्स कॉलोनी और नवाघंटी को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग को बंद किए जाने के खिलाफ मंगलवार को स्थानीय लोगों ने जोरदार प्रदर्शन किया। सेल के आईएसपी नगर सेवा विभाग द्वारा रास्ता रोके जाने से नाराज लोगों ने गड्ढे भरने और मार्ग खोलने की मांग की है।
हंगामा बढ़ने की सूचना मिलते ही पुलिस के अलावा भाजपा नेता गौरव बनर्जी और पवन सिंह मौके पर पहुंच गए। उन्होंने आक्रोशित जनता को शांत कराते हुए अधिकारियों से बातचीत कर समस्या का समाधान निकलवाने का आश्वासन दिया।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि इस रास्ते के बंद होने से उन्हें लंबा चक्कर काटकर गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा है। इस शॉर्टकट मार्ग से दूरी घटकर आधे किलोमीटर से भी कम रह जाती है, जिससे रोजमर्रा का सफर आसान होता है।
दूसरी ओर कॉलोनी के लोगों का तर्क है कि खुला रास्ता होने से बाहरी और अराजक तत्वों की आवाजाही बढ़ जाती है। फिलहाल दोनों पक्षों की आपत्तियों और समस्याओं को ध्यान में रखते हुए अधिकारी मामले का हल तलाशने में जुटे हैं।
















