अजमेर, 16 सितंबर।
मार्बल सिटी किशनगढ़ में नगर परिषद सभापति पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भाजपा ने सभापति पद के लिए नवनिर्वाचित पार्षद राजकुमार बड़जात्या को अपना प्रत्याशी बनाया है। कांग्रेस की ओर से मोहित खंडेलवाल ने नामांकन दाखिल किया है। दोनों दलों के उम्मीदवार सामने आने के बाद चुनावी मुकाबला आमने-सामने का हो गया है।
बुधवार को भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश मंत्री सुभाष चौधरी के नेतृत्व में पार्टी के पार्षद नगर परिषद पहुंचे। इससे पहले नवनिर्वाचित पार्षद राजकुमार बड़जात्या, दिनेश सिंह राठौड़ और मनेन्द्र सिंह ने पार्षद पद की शपथ ली। इसके बाद राजकुमार बड़जात्या ने सभापति पद के लिए अपना नामांकन दाखिल किया।
नामांकन के दौरान भाजपा खेमे में उत्साह दिखाई दिया। पूर्व सभापति एवं नवनिर्वाचित पार्षद दिनेश सिंह राठौड़ के साथ भाजपा नेता सीताराम साहू, वेद प्रकाश दाधीच सहित अन्य पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
नगर परिषद में वर्तमान आंकड़ों के अनुसार भाजपा के 29, कांग्रेस के 21 और निर्दलीय 10 पार्षद हैं। ऐसे में सभापति पद के चुनाव में निर्दलीय पार्षदों की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
किशनगढ़ नगर परिषद के सभापति पद के लिए निर्वाचन 21 सितंबर को होगा। चुनाव प्रक्रिया पूरी होने के बाद नगर परिषद में अगली शहर सरकार की तस्वीर स्पष्ट हो जाएगी।
















