अयोध्या, 16 सितंबर।
श्रीराम मंदिर का निर्माण कार्य पूरा हो गया है। मंदिर निर्माण से जुड़े अंतिम भुगतान की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। भविष्य में भवन की गुणवत्ता बनी रहे, इसके लिए निर्माण कंपनियों से बैंक गारंटी ली जा रही है।
श्रीराम मंदिर ट्रस्ट की भवन निर्माण समिति के अध्यक्ष नृपेंद्र मिश्र ने मंगलवार को राम कथा संग्रहालय में हुई बैठक के दौरान यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि अंतिम बिलों में से 60 से 70 प्रतिशत का इंजीनियर्स इंडिया ऑडिट करेगी।
राम कथा संग्रहालय में 20 गैलरियां बनाई जानी हैं। इनके निर्माण के लिए 10 अक्टूबर से टेंडर प्रक्रिया शुरू होगी। इन गैलरियों में भगवान राम के जीवन चरित्र से जुड़े विभिन्न प्रसंगों को प्रदर्शित किया जाएगा।
संग्रहालय में 500 वर्षों से चले आ रहे राम मंदिर आंदोलन और इस दौरान न्यायालय की भूमिका को भी प्रदर्शित किया जाएगा। इसके लिए आवश्यक दस्तावेज एकत्र किए जा रहे हैं।
















