पटना, 17 सितंबर।
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिवस पर दरभंगा स्थित प्रसिद्ध मां श्यामा माई मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां श्यामा माई से प्रधानमंत्री के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।
संजय सरावगी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी का पूरा सार्वजनिक जीवन राष्ट्रसेवा और जनकल्याण के लिए समर्पित रहा है। ‘राष्ट्र प्रथम’ की भावना के साथ उनका परिश्रम, दृढ़ इच्छाशक्ति और जनसेवा के प्रति समर्पण करोड़ों देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने देश को विकास, आत्मनिर्भरता और सुशासन की दिशा में आगे बढ़ाने के लिए लगातार काम किया है। गरीबों, महिलाओं, युवाओं, किसानों और समाज के अंतिम पायदान पर मौजूद लोगों के कल्याण के लिए केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं को प्रभावी तरीके से लागू किया गया है।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत वैश्विक स्तर पर अपनी नई पहचान बना रहा है। उनकी कार्यशैली और राष्ट्र के प्रति समर्पण भाजपा कार्यकर्ताओं को सेवा और संगठन के प्रति समर्पित होकर काम करने की प्रेरणा देता है।
सरावगी ने मां श्यामा माई से प्रार्थना की कि प्रधानमंत्री पर उनका आशीर्वाद हमेशा बना रहे और वे इसी ऊर्जा, समर्पण और संकल्प के साथ राष्ट्रसेवा करते रहें। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना करते हुए देशवासियों को भी जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं।
















