भोपाल, 17 सितंबर।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन आज से दो दिवसीय मध्य प्रदेश के दौरे पर आ रहे हैं। पार्टी की कमान संभालने के बाद उनका यह पहला मध्य प्रदेश प्रवास है, जिसके तहत वे इंदौर और उज्जैन में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में अपनी उपस्थिति दर्ज कराएंगे।
भाजपा उज्जैन संभाग प्रभारी लता वानखेड़े से मिली जानकारी के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस और उनके सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में राष्ट्रीय अध्यक्ष उज्जैन पहुंच रहे हैं। तय शेड्यूल के मुताबिक, नितिन नवीन आज दोपहर 1:45 बजे इंदौर के देवी अहिल्याबाई होल्कर एयरपोर्ट पहुंचेंगे। इसके बाद दोपहर 2:55 बजे वे गांधी नगर ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में शिरकत करते हुए 'स्वामित्व योजना' के तहत नई राज्यव्यापी पंजीयन प्रक्रिया का आधिकारिक शुभारंभ करेंगे। इंदौर के निर्धारित कार्यक्रमों को पूरा करने के बाद उनका काफिला शाम करीब 5:05 बजे उज्जैन के लिए रवाना होगा।
उज्जैन पहुंचने पर शाम करीब 6:45 बजे वे ऐतिहासिक रामघाट पर पहुंचेंगे, जहां वे मां शिप्रा की पवित्र आरती में शामिल होंगे और 'सेवा संकल्प अभियान' के अंतर्गत 'आशीर्वाद का दीया' प्रज्वलित करेंगे। इसके उपरांत, रात 8 बजे वे रामघाट पर ही आयोजित होने वाली भजन संध्या का हिस्सा बनेंगे और उज्जैन में ही रात्रि विश्राम करेंगे। अपने इस दौरे के दूसरे दिन यानी 18 सितंबर की सुबह वे विश्व प्रसिद्ध श्री महाकालेश्वर मंदिर जाकर भस्म आरती में शामिल होंगे और बाबा महाकाल के दर्शन-पूजन करेंगे। इसके पश्चात, सुबह करीब 9:30 बजे वे उज्जैन से इंदौर के लिए प्रस्थान करेंगे और सुबह 10 बजे इंदौर विमानतल से पंजाब के वास्ते रवाना हो जाएंगे।
















