वाराणसी, 17 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 76वें जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने श्री काशी विश्वनाथ धाम पहुंचकर विशेष पूजा-अनुष्ठान किया। दोनों नेताओं ने बाबा विश्वनाथ का जलाभिषेक और आरती की तथा प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन की कामना की।
इस दौरान देश और प्रदेश की खुशहाली के लिए भी प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान तथा केंद्रीय वित्त राज्यमंत्री एवं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे।
प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर काशी विश्वनाथ धाम में पुरोहितों और आचार्यों का सम्मान किया गया। वाराणसी से वडनगर तक प्रस्तावित ‘सेवा संकल्प यात्रा’ से जुड़े बाइकर्स से भी संवाद हुआ।
धाम में सेवाएं दे रहे स्वच्छता प्रहरियों को भी सम्मानित किया गया। इसके बाद मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं को मिठाई बांटी गई। इसके लिए 19-19 किलो के चार लड्डू तैयार किए गए थे, जिनका कुल वजन 76 किलो था।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने लड्डू के केक को काटकर वहां मौजूद लोगों में मिठाई वितरित की।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर बाबा विश्वनाथ से उनके दीर्घायु और आजीवन स्वस्थ रहने की प्रार्थना की गई। साथ ही भारत को विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचाने की कामना की गई।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री और काशी के सांसद नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर वरिष्ठ नेताओं ने बाबा विश्वनाथ के धाम में विशेष पूजा-अनुष्ठान किया। उन्होंने प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं सुदीर्घ जीवन के लिए प्रार्थना की।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री लंबे समय तक भारत का नेतृत्व करें, ताकि देशवासी उनके नेतृत्व में आत्मनिर्भर, सुरक्षित और विकसित भारत की संकल्पना को साकार होते देखें।
कार्यक्रम में खजुराहो के सांसद विष्णुदत्त शर्मा, उत्तर प्रदेश के सहकारिता राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जेपीएस राठौर और वाराणसी शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी समेत अन्य लोग भी मौजूद रहे।
















