इंदौर, 17 सितंबर।
भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन गुरुवार को मध्य प्रदेश के दौरे पर इंदौर पहुंचे। यहां वे स्वामित्व योजना के तहत हितग्राहियों को भूमि स्वामी अभिलेख यानी रजिस्ट्री वितरण अभियान की शुरुआत करेंगे।
नितिन नवीन दोपहर में विमान से इंदौर एयरपोर्ट पहुंचे। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया। इसके बाद भाजपा अध्यक्ष रोड शो करते हुए गांधीनगर मैदान स्थित कार्यक्रम स्थल पहुंचे।
एयरपोर्ट से गांधीनगर तक करीब पांच किलोमीटर के मार्ग में कई स्थानों पर मंच बनाए गए थे। इन मंचों से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का स्वागत किया गया।
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मध्य प्रदेश के लिए यह गौरव की बात है कि राज्य करीब 50 लाख लोगों को जमीन और मकान की निश्शुल्क रजिस्ट्रियां देने जा रहा है।
कार्यक्रम में भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और उनके समर्थक भी पहुंचे। इनमें भाजपा नगर अध्यक्ष/महामंत्री गौरव रणदिवे, विधायक मालिनी गौड़, कैबिनेट मंत्री तुलसी सिलावट, विधायक रमेश मेंदोला और विधायक मनोज पटेल शामिल हैं।
नितिन नवीन के कार्यक्रम को देखते हुए इंदौर के प्रमुख चौक-चौराहों को विशेष रूप से सजाया गया है। शहर के कई हिस्सों में पार्टी के झंडे और भगवा पट्टियां लगाई गई हैं, जिससे कार्यक्रम स्थल और आसपास के क्षेत्रों में उत्सव जैसा माहौल नजर आ रहा है।
















