रायपुर, 17 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर भाजपा गुरुवार से छत्तीसगढ़ में ‘सेवा संकल्प अभियान’ शुरू करेगी। प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने पर भी पार्टी की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
अभियान के तहत ‘वडनगर से काशी’ तक यात्रा निकाली जाएगी। इसे दो चरणों में आयोजित किया जाएगा और इसमें कुल 10 टोलियां शामिल होंगी। प्रत्येक टोली में 50 युवा कार्यकर्ता रहेंगे।
यह यात्रा छत्तीसगढ़ के 18 जिलों से होकर गुजरेगी। यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ता अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों से संवाद करेंगे और जनसंपर्क करेंगे।
बस्तर में स्थानीय लोगों से संवाद और जनसंपर्क पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। बस्तर प्रवास के दौरान कई कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत प्रदेश के विभिन्न जिलों में सेवा, जनसंपर्क और सामाजिक सरोकार से जुड़े कार्यक्रम होंगे। पार्टी के अनुसार, इन गतिविधियों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों को रेखांकित किया जाएगा।















