जलपाईगुड़ी, 17 सितंबर।
पश्चिम बंगाल के जलपाईगुड़ी स्थित फूलबाड़ी के अमाईदिघी जूनियर बेसिक स्कूल परिसर में गुरुवार की सुबह एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। विद्यालय के मिड-डे मील रसोईघर और कक्षाओं के बीच बने शेड से यह शव बरामद होने के बाद से छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और स्थानीय निवासियों में भारी दहशत का माहौल बना हुआ है।
स्कूल के शिक्षक-प्रभारी (टीआईसी) संजीव सरकार के अनुसार, आज सुबह करीब साढ़े सात बजे जब एक शिक्षिका की नजर शेड के पास पड़े व्यक्ति पर पड़ी, तो पूरे स्टाफ को इसकी जानकारी हुई। विद्यालय के किसी भी शिक्षक, कर्मचारी या आसपास के लोगों द्वारा मृतक की पहचान नहीं की जा सकी है। स्थानीय निवासियों ने इस घटना के पीछे सुरक्षा व्यवस्था की खामियों को जिम्मेदार ठहराते हुए बताया कि फोर-लेन के सड़क विस्तार कार्य के कारण स्कूल की पुरानी चारदीवारी को तोड़ दिया गया था, जिससे परिसर पूरी तरह खुला हुआ है। लोगों का आरोप है कि इसी खुली व्यवस्था का फायदा उठाकर बाहरी लोग आसानी से अंदर आ जाते हैं, और उन्होंने जल्द से जल्द नई चारदीवारी के निर्माण की मांग की है।
इस सनसनीखेज घटना की सूचना मिलते ही न्यू जलपाईगुड़ी थाने की पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुँचा। पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए उत्तर बंगाल मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल भेज दिया है और मामले की गहराई से छानबीन शुरू कर दी है।















