उज्जैन, 17 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर गुरुवार को उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग भगवान महाकालेश्वर मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना की गई। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुए अनुष्ठान के दौरान मंदिर परिसर हर-हर महादेव के जयकारों से गूंज उठा।
वरिष्ठ पुरोहित पंडित सत्यनारायण जोशी और अन्य विद्वान ब्राह्मणों ने भगवान महाकाल का विधि-विधान से पूजन किया। इस दौरान प्रधानमंत्री के दीर्घायु जीवन, उत्तम स्वास्थ्य और राष्ट्र कल्याण के लिए संकल्प लेकर अनुष्ठान कराया गया।
गर्भगृह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर रखकर तिलक लगाया गया। इसके साथ ही उनके यशस्वी और सफल कार्यकाल की मंगल कामना की गई।
विशेष पूजा के बाद महाकालेश्वर मंदिर में दीपोत्सव की शुरुआत हुई। मंदिर परिसर को रोशनी और आतिशबाजी से सजाया गया है। अकेले महाकाल मंदिर प्रांगण में करीब 6 से 7 लाख दीपक प्रज्ज्वलित किए जा रहे हैं।
रामघाट पर 25 लाख दीपों का विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी
महाकाल मंदिर के साथ शिप्रा नदी के रामघाट पर भी भव्य दीपोत्सव की तैयारी की गई है। यहां करीब 25 लाख दीपक एक साथ जलाकर नया ऐतिहासिक विश्व रिकॉर्ड बनाने की तैयारी है।
शाम करीब 7 बजे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और मुख्यमंत्री मोहन यादव उज्जैन पहुंचेंगे। दोनों भगवान महाकाल के दर्शन के बाद दीपोत्सव का शुभारंभ करेंगे।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने श्री महाकाल लोक का लोकार्पण किया था। इसके बाद उज्जैन आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में बड़ी वृद्धि दर्ज की गई है। प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर शहर में आस्था और दीपों की रोशनी के साथ उत्सव का माहौल है।
पंडित सत्यनारायण जोशी ने बताया कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर बाबा महाकाल के दरबार में विशेष पूजा की गई। वैदिक ऋचाओं के साथ उनके दीर्घायु और अच्छे स्वास्थ्य की कामना करते हुए अभिषेक व पूजन किया गया।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के जन्मदिन को यादगार बनाने के लिए मंदिर प्रशासन और नगरवासियों ने व्यापक तैयारियां की हैं। आयोजन के लिए सुरक्षा और व्यवस्थाओं के भी पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।
















