सीवान, 17 सितंबर।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिन पर गुरुवार सुबह भाजपा सीवान की ओर से कचहरी रोड स्थित दुर्गा मंदिर में विशेष हवन-पूजन कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने हवन कुंड में आहुति देकर प्रधानमंत्री के स्वस्थ, दीर्घायु और यशस्वी जीवन की कामना की।
हवन-पूजन के दौरान मंदिर परिसर में धार्मिक माहौल बना रहा। कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने किया। इसमें पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
कार्यकर्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री का जन्मदिन उत्सव के साथ सेवा, समर्पण और जनकल्याण के संकल्प के रूप में मनाया जा रहा है। जिलाध्यक्ष राहुल तिवारी ने कहा कि नरेन्द्र मोदी का सार्वजनिक जीवन राष्ट्र और समाज की सेवा को समर्पित रहा है।
उन्होंने प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने को महत्वपूर्ण पड़ाव बताया। जन्मदिन के अवसर पर जिले में सेवा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम भी आयोजित किए जा रहे हैं।

दरौंदा विधायक कर्णजीत सिंह उर्फ व्यास सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री का जीवन देश के प्रति समर्पण और सेवा भावना का उदाहरण है। उन्होंने बताया कि हवन-पूजन के जरिए प्रधानमंत्री के स्वस्थ जीवन के साथ देश की उन्नति की भी कामना की गई।
पूर्व एमएलसी मनोज कुमार सिंह ने कहा कि नरेन्द्र मोदी की 25 वर्षों की सार्वजनिक यात्रा संघर्ष, सेवा और राष्ट्रहित के प्रति प्रतिबद्धता से जुड़ी रही है। उन्होंने हवन-पूजन को कार्यकर्ताओं की शुभकामना और श्रद्धा का प्रतीक बताया।
भाजपा प्रदेश मंत्री मुकेश सिंह कुशवाहा ने कहा कि कार्यकर्ता प्रधानमंत्री का जन्मदिन सेवा और समर्पण की भावना के साथ मना रहे हैं। सीवान में विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनसेवा का संदेश दिया जा रहा है।
हवन के दौरान देश की सुख-समृद्धि, शांति और प्रगति के लिए भी प्रार्थना की गई। कार्यक्रम में संजय पाण्डेय, प्रमिल कुमार गुप्ता, देवेंद्र गुप्ता, भाजपा मीडिया प्रभारी आदित्य कुमार पाठक, पंकज किशोर सिंह, सुभाष सिंह कुशवाहा, अजित चौरसिया, रंजना श्रीवास्तव, सुमित भारद्वाज, वीरेंद्र गुप्ता, अर्जुन गुप्ता, प्रिंस चौहान, राजन साह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















